Thursday, June 18, 2026

कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का असर: कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद

Oplus_0

शाहिद/यूपी हेड

ब्यूरो/अमन

बरेली।जिले में पिछले तीन दिनों से जारी कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड के इस प्रकोप से सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही थी। सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कम दृश्यता के चलते बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में आगामी तीन दिनों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। यह अवकाश जिले के सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त, अशासकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा। आदेश के अनुसार 20 दिसंबर तक कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे।

बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने बताया कि जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी और कोहरे के कारण यह निर्णय लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी स्कूल प्रबंधन को आदेशों का सख्ती से पालन करना होगा। यदि इस अवधि में कोई विद्यालय खुला पाया जाता है, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय में पहले से कोई परीक्षा निर्धारित है, तो उसे यथावत संपन्न कराया जा सकता है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से उन्हें ठंड में बाहर न भेजें।

प्रशासन के इस फैसले से ठंड से जूझ रहे अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles