Thursday, June 18, 2026

तहसील में रिश्वत का खेल बेनकाब: 5 हजार जेब में जाते ही लेखपाल पर कसा, एंटी करप्शन का शिकंजा

शाहिद/यूपी हेड

रिपोर्ट/अमन

बिजनौर की सदर तहसील मंगलवार सुबह उस वक्त भ्रष्टाचार के अखाड़े में तब्दील हो गई, जब एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोर लेखपाल को नोट जेब में डालते ही रंगे हाथों दबोच लिया। कुछ ही मिनटों में पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। सरकारी गलियारों में खामोशी और चेहरों पर डर साफ नजर आने लगा।

काम तभी होगा जब “खर्चा” मिलेगा!

आरोप है कि सदर तहसील में तैनात लेखपाल रविंद्र शर्मा तहसील से जुड़े एक जरूरी काम के बदले हिमपुर दीपा निवासी धर्मेंद्र से लगातार 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित का कहना है कि पहले भी वह मजबूरी में पैसे दे चुका था, लेकिन इसके बाद लेखपाल की मांग और बढ़ती चली गई।
थक-हार कर पीड़ित ने चुप्पी तोड़ी और सीधे एंटी करप्शन विभाग से शिकायत कर दी।

बरेली से आई टीम, मिनट-टू-मिनट रची गई साजिश

शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन की बरेली यूनिट हरकत में आई। पूरी प्लानिंग के साथ ट्रैप तैयार किया गया। पीड़ित को केमिकल लगे 5 हजार रुपये सौंपे गए और तय समय पर लेखपाल के पास भेजा गया।
जैसे ही आरोपी ने नोट जेब में रखे, चारों तरफ से टीम ने घेर लिया—ना भागने का मौका, ना सफाई की गुंजाइश।

तहसील परिसर में अफरा-तफरी, कर्मचारी बने मूकदर्शक

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी एक-दूसरे से नजरें चुराते दिखे। बताया जा रहा है कि आरोपी लेखपाल वर्तमान में ब्लॉक हल्दौर के गांव कुड़ा भगवान क्षेत्र में तैनात था।
इस एक कार्रवाई ने पूरे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोतवाली शहर में पूछताछ, दर्ज होगा भ्रष्टाचार का मुकदमा

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को लेकर थाना कोतवाली शहर पहुंची, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगे और खुलासों की भी संभावना जताई जा रही है।

सवाल बड़ा है—और कितने ‘रविंद्र शर्मा’ सिस्टम में छिपे हैं?

इस सनसनीखेज कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आम आदमी का काम बिना रिश्वत क्यों नहीं होता?
हालांकि एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से जनता में उम्मीद जगी है कि भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ अब सख्ती का दौर शुरू हो चुका है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles