
शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे का कहर: बाइक सवार की गर्दन कटी, दो दर्जन से अधिक टांके लगे, बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती
संपादक/अमन रज़ा
शाहजहांपुर/बरेली: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में चाइनीज मांझे की वजह से एक गंभीर हादसा सामने आया है। होली मिलकर घर लौट रहे एक बाइक सवार की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे उसकी गर्दन बुरी तरह कट गई। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर दो दर्जन से अधिक टांके लगाए हैं। फिलहाल उसका इलाज बरेली के पीलीभीत बायपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल की पहचान बाजपुर कुमिरखा निवासी 40 वर्षीय राम लड़ैते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राम लड़ैते अपने एक साथी के साथ तिलहर थाना क्षेत्र में रिश्तेदार के घर होली मिलने गए थे। शुक्रवार शाम दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कटरा थाना क्षेत्र में सरयू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के ऊपर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में राम लड़ैते आ गए। तेज धार वाले मांझे ने उनकी गर्दन को गहराई तक काट दिया। हालांकि उस समय बाइक की रफ्तार कम थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गर्दन से खून बहता देख राम लड़ैते ने तुरंत बाइक रोक दी। पीछे बैठे साथी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कपड़ा बांधकर खून रोकने की कोशिश की और उन्हें तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बरेली के पीलीभीत बायपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी गर्दन पर दो दर्जन से अधिक टांके लगाए। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
गौरतलब है कि चाइनीज मांझे की वजह से पहले भी कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद बाजारों में इसकी बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे खतरनाक हादसों को रोका जा सके।
