
रिपोर्ट/अमन
1.डीडी पुरम कैफे में केबिन,हुक्का और शराब का चल रहा है खेल,प्रेम नगर पुलिस पूरी तरह फेल
2.अधिकारियों के आने से पहले चौकी के सिपाही दे देते हैं सूचना बंद मिलता है कैफे
बरेली:डीडी पुरम में एक बार फिर हुक्का बार और पार्टिशन वाले केबिन का खेल जोर पकड़ता नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इलाके के कई कैफे अब “फैमिली केबिन” के नाम पर ऐसे बंद कमरे उपलब्ध करा रहे हैं, जहां खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि इन कैफे के अंदर न सिर्फ हुक्का परोसा जा रहा है, बल्कि चोरी-छिपे शराब भी सर्व की जा रही है। हैरानी की बात ये है कि इन केबिन्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बाहर से कुछ भी नजर नहीं आता, जिससे अंदर क्या चल रहा है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये कैफे युवाओं को आकर्षित करने के लिए “प्राइवेट स्पेस” का लालच देते हैं, जबकि अंदर गैरकानूनी गतिविधियां धड़ल्ले से चल रही हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले पुलिस ने एक ऐसे ही कैफे पर छापा मारकर अवैध सामग्री भी बरामद की थी, लेकिन उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस की मिलीभगत है या फिर किसी दबाव में मामला दबा दिया गया? इलाके में चर्चा है कि “सेटिंग” के चलते बड़े स्तर पर इस पूरे खेल को संरक्षण मिल रहा है।
स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ये कैफे अपराध और अवैध गतिविधियों के अड्डे बन सकते हैं।
अब देखना ये होगा कि प्रशासन इस पर कब तक आंखें मूंदे रहता है, या फिर कोई बड़ी कार्रवाई कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करता है।
