
फायरिंग का मास्टरमाइंड हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन गिरफ्तार, मौलाना तौकीर का करीबी निकला
रिपोर्ट/शाहिद
छोटे लड़कों को बनाया अगुआ, पुलिस पर फायरिंग और हमले का सनसनीखेज खुलासा
बरेली। 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल और फायरिंग की साजिश का मास्टरमाइंड, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
थाना बारादरी पुलिस ने शनिवार को उसे पीलीभीत बाइपास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनसे पूरे बवाल की परतें खुलती जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के किशोर बाजार निवासी सुभान उर्फ चूरन ने स्वीकार किया है कि 25 सितंबर को उसे पार्षद अनीस सकलैनी और मौलाना तौकीर के करीबी लोगों ने बुलाया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे धर्म का हवाला देकर उकसाया गया और कहा गया कि “सच्चे मुसलमान का फर्ज निभाना है।” इसी बैठक में 26 सितंबर को होने वाले बवाल की पूरी रूपरेखा तय की गई थी।
छोटे लड़कों को आगे कर रची गई साजिश
आरोपी ने बताया कि उसे निर्देश दिया गया था कि इस्लामिया ग्राउंड में पुलिस को घुसने नहीं देना है।
इसके लिए छोटे-छोटे लड़कों के समूह बनाकर प्रदर्शन कराया जाए। पुलिस अगर रोके तो हालात बिगाड़ने और फायरिंग करने के आदेश थे। सुभान ने यह भी कबूला कि पार्षद अनीस ने उसे तमंचा उपलब्ध कराया था, जिससे उसने बवाल के दौरान पुलिस पर फायरिंग की।
मारपीट और फरारी का भी आरोपी पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुभान हाल ही में बरेली लौटा था। 27 जनवरी को स्पर्श रिसोर्ट के पास दो गुटों में हुई मारपीट में भी वह सक्रिय रूप से शामिल था। वहां हमला करने के बाद वह फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि सुभान उर्फ चूरन एक शातिर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके
