
रिपोर्ट/शाहिद
डॉ. अनस मलिक बने आरएलडी के जिला उपाध्यक्ष, समर्थकों में खुशी की लहर
बरेली:जनपद बरेली में राजनीतिक हलचल के बीच एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। समाज सेवा और जनसरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. अनस मलिक को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
डॉ. अनस मलिक की नियुक्ति की खबर फैलते ही उनके आवास और कार्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। समर्थकों ने मिठाई बांटकर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर अपनी खुशी जाहिर की। लोगों का कहना है कि यह जिम्मेदारी उन्हें उनके वर्षों के सामाजिक कार्यों और जनता के बीच मजबूत पकड़ के चलते मिली है।
डॉ. मलिक लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। विशेष रूप से बाढ़ जैसी आपदा के समय वे खुद मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। जरूरतमंदों की मदद और आम जनता के मुद्दों को उठाने के कारण उन्होंने क्षेत्र में एक अलग पहचान और रुतबा कायम किया है।
उनकी इस नियुक्ति से आरएलडी संगठन को जिले में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि डॉ. अनस मलिक के नेतृत्व में संगठन और अधिक सक्रिय होकर जनता की आवाज को बुलंद करेगा।
इस मौके पर डॉ. अनस मलिक ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे तथा जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
