
रिपोर्ट/शाहिद बेग
बरेली कॉलेज में आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने पर आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित
आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बरेली कॉलेज बरेली के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी बरेली में कार्यरत ब्रजेश तिवारी जी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश त्रिपाठी जी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभाग की शिक्षिका चेतना तिवारी, आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना एवं किसानवाणी प्रेजेंटर डॉ. रविंद्र भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में शाहिद बेग, इरम फातिमा, प्रकुल, कैलाश, संजीव, अतुल, बाबर सहित कई छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में छात्रों ने आकाशवाणी की भूमिका, जनसंचार के महत्व तथा समाज में रेडियो के योगदान जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण दिए।
प्रतियोगिता के परिणामों में माधव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवांगी अग्रवाल द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं संजीव ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि आकाशवाणी ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा युवा पीढ़ी को संवाद और अभिव्यक्ति के ऐसे मंचों से निरंतर जुड़ना चाहिए।
