
शाहिद/यूपी हेड
अंबिकापुर-लखनपुर मार्ग (NH-130) पर शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार से दौड़ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराया और उसे तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर अंबिकापुर की ओर से लखनपुर दिशा में जा रहा था। पुलिया के पास पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के साथ वाहन में आई तकनीकी खराबी के कारण चालक ट्रेलर को नियंत्रित नहीं कर सका। गिरने के दौरान ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
