
लापरवाही पर दो दरोगा निलंबित, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई
रिपोर्ट/अमन
बरेली। जिले में पुलिसिंग की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने लापरवाही बरतने पर दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई रविवार को आयोजित ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान की गई।
एसएसपी ने दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर मीरगंज थाने में तैनात क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीम प्रभारी दरोगा अनीश कुमार और भमोरा थाने की सीसी टीम प्रभारी दरोगा उपदेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों पर अपने दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने का आरोप है।
विवेचनाओं में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने नवाबगंज और हाईवे क्षेत्राधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही इज्जतनगर, कैंट, सुभाषनगर, भमोरा, फतेहगंज पूर्वी, भुता, नवाबगंज, हाफिजगंज, क्योलड़िया, बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा और फतेहगंज पश्चिमी के थाना प्रभारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की कड़ी फटकार लगाई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान होटल और ढाबों पर चल रहे चेकिंग अभियान की भी समीक्षा की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। जिन थानों में संसाधनों की कमी है, वहां आवश्यक प्रस्ताव भेजने को कहा गया है।
इसके अलावा अपराधियों के लंबित सत्यापन शीघ्र पूरा करने, हिस्ट्रीशीट और रजिस्टर नंबर आठ की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एआई आधारित एप ‘यक्ष’ के उपयोग के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी गई।
साइबर टीमों को इनाम साइबर ठगी के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने पर एसएसपी ने शेरगढ़ थाने की साइबर सेल टीम को 15 हजार रुपये और क्योलड़िया थाने की टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
वहीं संतोषजनक प्रदर्शन न करने पर फतेहगंज पश्चिमी, इज्जतनगर, बहेड़ी, आंवला, बारादरी, मीरगंज, फरीदपुर और कोतवाली की साइबर सेल टीमों को अर्दली रूम में उपस्थित होने के आदेश दिए गए
