Thursday, June 18, 2026

हिस्ट्रीशीटर लकी लभेड़ा गिरफ्तार पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से घायल दोनों पेरो मे लगी गोली

हिस्ट्रीशीटर लकी लभेड़ा गिरफ्तार पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से घायल दोनों पेरो मे लगी गोली

रिपोर्ट/अमन

30 हजार के विवाद में युवक की हत्या का आरोपी एनकाउंटर के बाद दबोचा गया,सिपाही भी घायल

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने जिले में सनसनी फैला दी।

रामगंगानगर परियोजना के सेक्टर-11 स्थित पंचवटी एनक्लेव में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी लकी लभेड़ा को घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

गोलीबारी में पुलिस आरक्षी अक्षय तोमर घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लकी लभेड़ा के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल सिपाही का भी उपचार जारी है।

30 हजार रुपये के लेनदेन ने छीनी राहुल की जान यह पूरा मामला पैसों के विवाद से जुड़ा है।

बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा निवासी राहुल सागर 14 जनवरी को अपने साले के इलाज के लिए 30 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। रास्ते में उसने आरोपी भीमा से अपने पुराने उधार के 20 हजार रुपये वापस मांगे।

इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि भीमा, लकी लभेड़ा और आकाश ठाकुर ने राहुल को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती राहुल ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103-1 (BNS) जोड़ दी।
शव रखकर हाईवे जाम, पुलिस पर लगे संरक्षण के आरोप राहुल की मौत के बाद बुधवार को बरेली में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए।

आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए।

परिजनों का कहना था कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था।

काफी देर तक चले हंगामे और नारेबाजी के बाद प्रशासन हरकत में आया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई, जिसका नतीजा गुरुवार सुबह मुठभेड़ के रूप में सामने आया।

तमंचा और अपाचे बाइक बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी लकी लभेड़ा ने भागने की कोशिश के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।

मुठभेड़ के बाद मौके से एक 12 बोर का तमंचा, कारतूस और सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार लकी लभेड़ा शातिर किस्म का अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी भीमा और आकाश ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

15 दिन के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
इस वारदात ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। मृतक राहुल अपने पीछे पत्नी शिवानी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

सबसे छोटा बच्चा महज 15 दिन का है, जिसने अपने पिता को ठीक से देखा भी नहीं।

राहुल की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और बाकी दोषियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles