
रिपोर्ट/अमन
बरेली। जमीनों पर अवैध कब्जे, रंगदारी, बलवा, हमला, चोरी-लूट जैसे गुनाह कर समाज में दहशत फैला रहे अपराधियों पर एसएसपी अनुराग आर्या का फिर कानूनी चाबुक चला है। लंबा क्रिमिनल रिकार्ड रखने वाला समाजवादी पार्टी का पूर्व पार्षद अकील गुड्डू, माफिया अतीक-अशरफ की बरेली में जड़ें जमाने वाले मोहम्मद फरहद खां उर्फ गुड्डू और जिला बदर चल रहे सुमित सक्सेना सहित 25 दागियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी सूची में शामिल कर दिया गया है। एचएस खुलने के बाद ये भी दागी चेहरे न सिर्फ थानों में समय-समय पर परेड करते नजर आएंगे, बल्कि खास कोड से पहचाने के साथ दाएं-बाएं भी पुलिस व इंटेलीजेंस की निगाहों में रहेंगे।लंबी-चौड़ी क्रिमिनल हिस्ट्री को ध्यान में रखकर हिस्ट्रीशीटर घोषित किए गए इन चेहरों को लेकर विभिन्न थानों क्षेत्रों से अप्रिय और अफसरों को असहज करने वाली खबरें सुनाई देती रही हैं। पुलिस के अनुसार, थाना इज्जतनगर क्षेत्र में फरीदापुर चौधरी निवासी पूर्व सपा पार्षद हाजी गुड्डू पेशेवर अपराधी हैं और उसके खिलाफ 11 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज चल रहे हैं। कई बार वह इलाके में अराजकता के हालात पैदा कर चुका है। लोगों पर हमले और रंगदारी वसूलने को लेकर उसकी एचएस खुली है।इसी तरह से परतापुर जीवन सहाय निवासी मोहम्मद फरहद उर्फ गुड्डू का भी समाज में खौफ देखा जाता है। उसके खिलाफ बरेली से गाजियाबाद तक बलवा, हमला, मारपीट, रंगदारी के कई केस दर्ज हैं। इतना ही नहीं, प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद का भाई पूर्व विधायक अशरफ जब सेंट्रल जेल बरेली में बंद था, तो फरहद गुड्डू जेल में जाकर उससे मुलाकातें करता था। शहर के खतरनाक अपराधी लल्ला गद्दी के साथ मिलकर माफिया अतीक गिरोह की बरेली में जड़े जमाने का काम भी फरहद ने किया था। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद फरहद पुलिस की कड़ी निगरानी में रहेगा।
