
यूपी में बड़ा एक्शन: बरेली सहित 12,135 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण रद्द,
रिपोर्ट/शाहिद
बरेली की 17 संपत्तियां भी चपेट में गलत ब्यौरे पर यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने चलाया चाबुक, लखनऊ में सबसे ज्यादा 1114 रजिस्ट्रेशन खारिज*
*लखनऊ/ उत्तर प्रदेश में वक्फ संपत्तियों को लेकर बड़ा धमाका हुआ है। यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने गलत ब्यौरे और गड़बड़ियों के चलते एक झटके में *12,135 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण निरस्त* कर दिया है। इस कार्रवाई की जद में बरेली की 17 वक्फ संपत्तियां भी आ गई हैं।
लखनऊ टॉप पर, बरेली भी लिस्ट में: कहां कितने रजिस्ट्रेशन रद्द?
यूपी में कुल 1.26 लाख वक्फ संपत्तियां पंजीकृत हैं। ताजा कार्रवाई में लखनऊ से सबसे ज्यादा 1114 पंजीकरण खारिज हुए। बिजनौर में 1003, सहारनपुर में 990, बाराबंकी में 577, अमरोहा में 86, बागपत में 60 और बरेली में 17 वक्फ संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है।
यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने साफ किया कि इन सभी संपत्तियों के ब्यौरे में भारी गड़बड़ियां मिली थीं। कहीं दस्तावेज अधूरे थे तो कहीं गलत जानकारी अपलोड की गई थी। जांच के बाद बोर्ड ने इन सभी रजिस्ट्रेशन को खारिज कर दिया।
UMEED पोर्टल पर 6 जून तक का अल्टीमेटम, बरेली के मुतवल्लियों में हड़कंप
भारत सरकार के UMEED पोर्टल पर अब सभी वक्फ संपत्तियों का दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 जून 2026 तय की गई है।
बरेली समेत पूरे यूपी में इस कार्रवाई के बाद मुतवल्लियों और वक्फ प्रबंधकों में हड़कंप मच गया है। बरेली की 17 संपत्तियों का पंजीकरण रद्द होने से जिले के वक्फ बोर्ड से जुड़े लोगों की नींद उड़ गई है। अब इन्हें नए सिरे से सही दस्तावेजों के साथ UMEED पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
गलत ब्यौरे पर हुई इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया कि वक्फ संपत्तियों में अब कोई लापरवाही नहीं चलेगी। बरेली से लेकर लखनऊ तक वक्फ बोर्ड ने भ्रष्टाचार और गड़बड़ी पर बड़ा चाबुक चलाया है। 6 जून तक रजिस्ट्रेशन न कराने पर संपत्ति की वैधता पर संकट आ सकता है।
