
संपादक/अमन रज़ा
महादेव पुल तेज रफ्तार कार का कहर: कई लोगों को टक्कर मारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई वरना, कार चालक हिरासत में
प्रेमनगर क्षेत्र में धर्म कांटा चौराहे से महादेव पुल तक मची अफरा-तफरी, नशे में ड्राइविंग की आशंका
बरेली: शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार कार के कारण सड़क पर हड़कंप मच गया। एक काले रंग की वरना कार ने धर्म कांटा चौराहे से लेकर महादेव पुल तक कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब साढ़े दस बजे एक वरना कार तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और रास्ते में पैदल चल रहे लोगों के साथ एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी।
अचानक हुई इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि चालक की हरकतों से नाराज कुछ लोगों ने कार को रोकने की कोशिश भी की। इसी दौरान किसी ने कार के शीशे पर डंडा मार दिया। इसके बावजूद चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और महादेव पुल की ओर बढ़ गया।
पुल पर चढ़ते समय कार अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस टक्कर में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
