बलौदाबाजार: स्वास्थ्य विभाग का फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

Aug 22, 2026 - 20:51
Aug 22, 2026 - 21:40
 0  2
बलौदाबाजार: स्वास्थ्य विभाग का फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
प्रशासनिक पुलिस महोदय के साथ आरोपी के प्रोफाइल फोटो

शाहिद मिर्ज़ा ( यूपी हेड )

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसे असली दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक भी शामिल है।आरोपियों पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के नाम से जाली दस्तावेज तैयार करने, फर्जी हस्ताक्षर करने और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है। पलारी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में फर्जीवाड़े और शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई है।

CMHO के नाम से जारी किया गया था फर्जी ट्रांसफर आदेश

इस फर्जीवाड़े की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत से हुई। शिकायत के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने CMHO बलौदाबाजार कार्यालय का एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था।इस आदेश (क्रमांक एच.एम./ए.आर. 2026-27/1359, दिनांक 14 अगस्त 2026) के तहत करण कुमार देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर (विकासखंड भाटापारा) दर्शाया गया था। विभागीय जांच कराने पर पता चला कि CMHO कार्यालय द्वारा ऐसा कोई भी स्थानांतरण आदेश जारी ही नहीं किया गया था।

कूटरचना और धोखाधड़ी का मामला दर्ज

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने साठगांठ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन्हें वास्तविक बताकर प्रस्तुत किया। इस आधार पर थाना पलारी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने तथा सहयोग देने वाले चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने एकराय होकर इस अपराध को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को सभी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

करण कुमार देवांगन (उम्र 44 वर्ष) – निवासी: मंगलम कॉलोनी बलौदाबाजार (पद: ग्रामीण चिकित्सा सहायक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी)

रवि कुमार सेन (उम्र 43 वर्ष) – निवासी: कसडोल वार्ड क्रमांक 4 (सिरपुर रोड) एवं ग्राम कटगी, थाना कसडोल

पुनीराम पटेल (उम्र 51 वर्ष) – निवासी: ग्राम गिरौदपुरी (अटल चौक के पास), थाना गिधौरी

किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी (उम्र 53 वर्ष) – निवासी: ग्राम रिसदा (गांधी चौक), थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार

पुलिस की चेतावनी: फर्जीवाड़े पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों से फर्जी हस्ताक्षर करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने के तरीके और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

बलौदाबाजार पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर और फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में फर्जी दस्तावेजों के जरिए अनुचित लाभ लेने की कोशिश करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।

Azaz Ahmad Editor-in-chief