बारावफात व जुलूस ए शराफत मियां को लेकर यातायात डायवर्जन,भारी बहनों के प्रवेश पर रोक

Aug 24, 2026 - 10:14
Aug 24, 2026 - 17:19
 0  2
बारावफात व जुलूस ए शराफत मियां को लेकर यातायात डायवर्जन,भारी बहनों के प्रवेश पर रोक

बारावफात व जुलूस-ए-शराफत मियां को लेकर यातायात डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

डायवर्जन 25 अगस्त शाम छह बजे से 26 अगस्त की रात कार्यक्रम समाप्त होने तक रहेगा प्रभावी

TALK 24 | शाहिद मिर्ज़ा यूपी हेड 

बरेली। बारावफात के पर्व एवं 26 अगस्त को निकलने वाले चादर के जुलूस-ए-शराफत मियां को देखते हुए बरेली यातायात पुलिस ने शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह डायवर्जन 25 अगस्त की शाम छह बजे से 26 अगस्त की रात कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग लागू किए गए हैं।

इन मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, नवयुवान कोठी, ऑफिसर्स मेस तिराहा और सैटेलाइट तिराहे से शहर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों पर रोक रहेगी। इसी प्रकार रामगंगा तिराहे से चौपला की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें बरेली शहर की ओर जाना है, वे झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक जा सकेंगे।

लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से नवलवा, नवलयधाम और इन्वर्टिस होकर निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे तथा वापसी में भी इसी मार्ग का प्रयोग करेंगे।

बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होते हुए आवागमन कर सकेंगे।

रोडवेज बसों के लिए भी बदला मार्ग

दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास से इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक आ-जा सकेंगी।

नैनीताल रोड से आने वाली रोडवेज बसें डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचेंगी। पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसें भी 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होकर सैटेलाइट बस स्टैंड तक आ-जा सकेंगी।

बरेली से बदायूं की ओर आने-जाने वाली बसों के लिए नवयुवान कोठी, ऑफिसर्स मेस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर आवागमन का मार्ग निर्धारित किया गया है।

भीड़ बढ़ने पर चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा पर भी रोक

जुलूस और कार्यक्रम के दौरान किसी मार्ग पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन भी आवश्यकतानुसार रोका जाएगा। अशोक नगर तिराहा से सूद धर्मकांटा होते हुए कोहाड़ापीर की ओर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर और मठ की चौकी की ओर, श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी की ओर तथा बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नॉवेल्टी की ओर यातायात प्रतिबंधित किया जा सकता है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 26 अगस्त को अनावश्यक रूप से भीड़ वाले मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। असुविधा से बचने के लिए वाहन चालक पहले से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।

Azaz Ahmad Editor-in-chief