बरेली में यूथ ब्रिगेड ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला, इस्तीफे की मांग

Sep 30, 2026 - 10:12
Sep 30, 2026 - 11:10
 0  4
बरेली में यूथ ब्रिगेड ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला, इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन करते हुए समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता

TALK 24 | शाहिद मिर्ज़ा यूपी हेड रिपोर्ट 

बरेली में समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चौकी चौराहा पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एज़ाज़ अहमद ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नामों को लेकर चिंता जताई और कहा कि मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की बुनियादी जिम्मेदारी है।

जिलाध्यक्ष एज़ाज़ अहमद ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं। यदि मतदाता सूची में किसी वर्ग के नाम प्रभावित होते हैं तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।

राष्ट्रीय सचिव अशोक यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। मतदाता सूची को लेकर लोगों के बीच उठ रहे सवालों का आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।

प्रदर्शन में छात्र सभा जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा, गौरव कृष्ण यादव, सदाकत हुसैन, अनिल यादव, सुनील लोधी, आकाश यादव, सचिन यादव, सदारत संदीप मौर्य, मुशाहिद खान, धीरेन्द्र पाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव अल्पसंख्यक सदाकत हुसैन, गोविंद यादव, मुकेश यादव और सुमित प्रजापति समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे