स्कोडा शोरूम के पीछे गन्ने के खेत में मिला युवक का शव,इलाके में सनसनी,जांच में जुटी पुलिस

Aug 23, 2026 - 16:47
Aug 23, 2026 - 16:48
 0  3
स्कोडा शोरूम के पीछे गन्ने के खेत में मिला युवक का शव,इलाके में सनसनी,जांच में जुटी पुलिस
घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण और पुलिस

शाहिद मिर्ज़ा यूपी हेड रिपोर्ट 

बरेली। सीबीगंज के नदौसी गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्कोडा कार शोरूम के पीछे नहर किनारे स्थित खेत में शव पड़ा देखकर किसान ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।

नदौसी गांव निवासी रंजीत यादव ने बताया कि उन्होंने बरेली के राजेंद्र नगर निवासी मुन्ना बाबू का गन्ने का खेत ठेके पर ले रखा है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह खेत पर पहुंचे। गन्ने के बीच जाने पर उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी देने के साथ पुलिस को सूचना दी।

सीओ सेकेंड और फील्ड यूनिट ने की छानबीन

युवक का शव मिलने की सूचना पर सीओ सेकेंड, सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने शव और घटनास्थल के आसपास बारीकी से छानबीन कर संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों से कराई पहचान, नहीं हुई शिनाख्त

पुलिस ने नदौसी और आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई उसे पहचान नहीं सका। पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाकर युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Azaz Ahmad Editor-in-chief