चुनाव से पहले बरेली में भाजपा को बड़ा झटका, सभासद-बूथ अध्यक्ष समेत 30 कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा, जानें क्यों
TALK 24 शाहिद बेग यूपी हेड
बरेली। विधानसभा चुनाव से पहले बरेली के भोजीपुरा में भाजपा के अंदर सुलग रही नाराजगी खुलकर बाहर आ गई। धौराटांडा में पार्टी के बूथ अध्यक्ष, मंडल उपाध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, नामित सभासद और पुराने कार्यकर्ताओं समेत 30 लोगों ने एक साथ इस्तीफा देकर संगठन में हलचल मचा दी। इनमें कई ऐसे चेहरे हैं, जो 20-25 साल से भाजपा का झंडा उठाते आ रहे थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंडल के एक पदाधिकारी को लेकर लगातार शिकायतें की गईं, मगर सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार नाराजगी का गुबार सामूहिक इस्तीफे के रूप में फूट पड़ा।
जिलाध्यक्ष सोमपाल सिहं को दिए सामूहिक इस्तीफे में कार्यकर्ताओं ने कहा है कि वे पिछले 20 से 25 वर्षों से भाजपा के साथ जुड़े हैं और तन, मन व धन से संगठन के लिए काम करते रहे हैं। आरोप है कि मंडल के एक पदाधिकारी के निजी स्वार्थ के कारण पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। इसकी शिकायत मंडल से लेकर जिला स्तर तक की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।
ये हैं इस्तीफा देने वाले 30 भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी
इस्तीफा देने वालों में बाबूराम गंगवार बूथ अध्यक्ष, हिमांशु रस्तोगी बूथ अध्यक्ष, रोहित गुप्ता बूथ अध्यक्ष, संतोष बाल्मीकि बूथ अध्यक्ष, अरविंद गुप्ता बूथ अध्यक्ष, विनोद राठौर बूथ अध्यक्ष, रामराज वाल्मीकि मंडल उपाध्यक्ष और अंकुर गुप्ता सेक्टर संयोजक शामिल हैं। इनके अलावा पंकज उर्फ शरद गुप्ता नामित सभासद, रूप बसंत कश्यप नामित सभासद, धनपत लाल रस्तोगी पूर्व मंडल अध्यक्ष, वेद प्रकाश शर्मा पूर्व बूथ अध्यक्ष, अनिल बाल्मीकि पूर्व बूथ अध्यक्ष, विक्की वाल्मीकि पूर्व अध्यक्ष, अरविंद गंगवार पूर्व बूथ अध्यक्ष, रवि पाठक बूथ समिति सदस्य और तेजपाल पूर्व सभासद ने भी इस्तीफा दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में चिरंजीव राठौर, राजू कश्यप, नरपत सिंह, रोहतास मौर्य, नानक चंद्र मौर्य, रवि कश्यप, वेद प्रकाश कश्यप, हेमंत गंगवार, दीनानाथ कश्यप, पप्पू मौर्य, आदेश सागर, अजय गुप्ता और सुनील राठौड़ के नाम शामिल हैं।