फीस वृद्धि पर बरेली कॉलेज में दोफाड़: पूर्वी व पश्चिमी गेट पर सपा छात्र सभा और पूर्व छात्र नेता आमने-सामने
बरेली। बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि और परिसर में व्याप्त अन्य अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन अब और मुखर हो गया है। सोमवार को कॉलेज परिसर में छात्र राजनीति की अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जहां फीस वृद्धि के मुद्दे पर पूर्व छात्र नेता और समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी आमने-सामने आ गए। कॉलेज के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों मुख्य द्वारों पर एक ही समय में अलग-अलग हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला गया।
पूर्व छात्र नेताओं के अभियान को सपा नेताओं का समर्थन
पश्चिमी गेट पर पूर्व छात्र नेताओं के हस्ताक्षर अभियान में पहुंचे वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेताओं ने कॉलेज परिसर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। पूर्व छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि फीस वृद्धि समेत कई प्रमुख बिंदुओं पर कॉलेज प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक कोई लिखित जवाब नहीं दिया गया है। लगातार जारी छात्र आंदोलनों से कॉलेज प्रशासन फिलहाल बैकफुट पर नजर आ रहा है।
पूर्वी गेट पर सपा छात्र सभा के जिला और महानगर अध्यक्ष ने खोला मोर्चा
दूसरी ओर, कॉलेज के पूर्वी गेट पर समाजवादी छात्र सभा के जिला और महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में अलग से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। छात्र सभा कार्यकर्ताओं ने बढ़ाई गई फीस को तुरंत वापस लेने की मांग की। साथ ही कॉलेज प्रबंधन पर विभिन्न प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
हस्ताक्षर अभियान के बाद एक हुए छात्र गुट: वोकेशनल फीस और जीसटी के मुद्दे पर प्राचार्य संग वार्ता
बरेली कॉलेज में वोकेशनल फीस और जीएसटी वृद्धि को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार सुलझता नजर आ रहा है। लंबे समय से आमने-सामने डटे छात्रों के दोनों गुटों ने ऐतिहासिक एकजुटता दिखाई, जिसका बड़ा असर कॉलेज प्रशासन पर देखने को मिला है। सफल हस्ताक्षर अभियान के बाद दोनों गुटों ने एक साथ मिलकर प्राचार्य के समक्ष अपनी मांगें रखीं, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने वोकेशनल फीस समायोजन का आदेश जारी कर दिया।
समाजवादी छात्र नेताओं के आगे झुका बरेली कॉलेज प्रशासन, वोकेशनल फीस समायोजन का आदेश जारी
समाजवादी छात्र सभा के लगातार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन के आगे झुकते हुए बरेली कॉलेज प्रशासन ने वोकेशनल फीस समायोजन और विषय बदलने की मांग स्वीकार कर ली है। प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सत्र 2026-27 के स्नातक (बीए/बीएससी) प्रथम सेमेस्टर के छात्र अब कॉलेज पोर्टल से अपना वोकेशनल विषय बदल सकते हैं। जो छात्र 'MS Office & Computer Application' विषय नहीं चुनेंगे, उनके 400 रुपये प्रति सेमेस्टर (कुल 800 रुपये) अगले सत्र 2027-28 की फीस में घटा दिए जाएंगे, जबकि यह विषय रखने वाले छात्रों के 200 रुपये समायोजित होंगे। किसी भी समस्या के समाधान के लिए छात्र सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।