जल भराव के बीच पानी में खुद उतरकर वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना संभाला मोर्चा
TALK 24 शाहिद बेग यूपी हेड
लगातार बारिश से जलभराव, वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने खुद संभाला मोर्चा
बरेली। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कुर्मांचल नगर, नॉर्थ सिटी, जोगी नवादा, सुरेश शर्मा नगर, दुर्गा नगर, संजय नगर और राजेन्द्र नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की जानकारी मिलने पर वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने नगर आयुक्त के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
वन मंत्री ने अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनके भाई अनिल कुमार सक्सेना भी मौके पर मौजूद रहे और लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयासों में सहयोग किया।
बारिश के पानी के बीच पहुंचकर मंत्री ने जलभराव की स्थिति को करीब से देखा और संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने जलभराव के कारण होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।
नगर आयुक्त ने जल निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराने और समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। बताया गया कि कुछ स्थानों पर पानी की निकासी और अन्य जरूरी कार्य शुरू भी कर दिए गए हैं।
मंत्री के मौके पर पहुंचने से स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। अधिकारियों ने भी जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने की बात कही।