पेड़ की डाल पर चाइनीज मांझे में फंसा परिंदा,रेस्क्यू में एक के बाद एक आईं अड़चनें: बरेली कॉलेज का वो सांसें थमा देने वाला वाक़िआ
बरेली | बरेली कॉलेज परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब प्राचार्य कार्यालय के पास अमलतास के पेड़ पर एक बाज चाइनीज मांझे में उलझ गया। ऊंची डाल पर बाज को तड़पते देख कॉलेज कर्मचारी प्रदीप ने तुरंत सीढ़ी लगाकर उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी रेस्क्यू के लिए पहुंच गई।रेस्क्यू के दौरान सीढ़ी का एक डंडा टूट जाने और बाज तक पहुंचने वाला डंडा छोटा पड़ने से कर्मचारियों के पसीने छूट गए। आखिरकार लंबा डंडा मंगाकर करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद बाज को मांझे से मुक्त कराया गया। आजाद होते ही बाज पास स्थित आजाद छात्रावास की ओर उड़ते हुए जमीन पर गिर पड़ा। रेस्क्यू टीम ने तुरंत उसके शरीर से बचा हुआ मांझा निकाला, उसे पानी पिलाया और पंख में जख्म होने के कारण उसे इलाज के लिए भेज दिया।