बरेली में आफत की बारिश: पाश कॉलोनियों में 3 फीट तक भरा पानी, पावर स्टेशन डूबे और कई इलाकों की बिजली गुल
TALK 24|शाहिद मिर्ज़ा यूपी हेड रिपोर्ट
महापौर और नगर आयुक्त ने किय निरीक्षण,बिजलीघरों में भरा पानी
बरेली | शहर में शुक्रवार से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शनिवार को रौद्र रूप धारण कर लिया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों के साथ-साथ कई पाश कॉलोनियां भी जलमग्न हो गई हैं। स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी गार्डन, एयरफोर्स रोड स्थित आकांक्षा एन्क्लेव, दुर्गा नगर, सुरेश शर्मा नगर, हजियापुर और संजय नगर संपवेल वाली गली में सड़कें पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई हैं। रेजीडेंसी गार्डन में तो तीन फीट से अधिक पानी भर जाने के कारण लोगों को अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है, वहीं ग्रामीण इलाकों में धान की फसलें गिरने से किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। महापौर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण हालात की गंभीरता को देखते हुए महापौर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अपने अधीनस्थों के साथ रेजीडेंसी गार्डन और अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर जलनिकासी के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जलकल और निर्माण विभाग के अभियंताओं को लगातार संपवेल चलाने तथा सुपर शाकर व मोटर पंप लगाकर जल्द से जल्द पानी निकालने के निर्देश दिए गए। भारी बारिश का असर विद्युत व्यवस्था पर भी देखने को मिला है। महानगर उपकेंद्र और डेलापीर उपकेंद्र परिसर में पानी भर जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति ठप करनी पड़ी। इसके अलावा, संपवेल वाली गली में जलस्तर ट्रांसफार्मर तक पहुंचने और करंट फैलने के खतरे को देखते हुए स्थानीय पार्षद के सूचना देने पर तुरंत बिजली कटवाई गई और जनरेटर के माध्यम से संपवेल का संचालन जारी रखा गया। विद्युत विभाग द्वारा नगर निगम से पंपसेट मंगवाकर पानी निकलवाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।