अभाविप का प्रदर्शन: पार्किंग में पक्षपात और बदहाली को लेकर बरेली कॉलेज में हंगामा,उप-प्राचार्य से नोंकझोक

Aug 24, 2026 - 18:02
Aug 24, 2026 - 19:01
 0  3
अभाविप का प्रदर्शन: पार्किंग में पक्षपात और बदहाली को लेकर बरेली कॉलेज में हंगामा,उप-प्राचार्य से नोंकझोक
प्राचार्य कार्यालय में प्रदर्शन करतेअभाविप छात्र नेता

TALK 24 | शाहिद मिर्ज़ा यूपी हेड रिपोर्ट 

बरेली | बरेली कॉलेज परिसर में पार्किंग व्यवस्था में पक्षपात और चरमराती मूलभूत सुविधाओं को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर सहमंत्री आयुष शर्मा के नेतृत्व में प्राचार्य कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने परिसर को पूरी तरह 'नो-व्हीकल जोन' बनाने, सुरक्षा ऑडिट कराने और प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई। इस दौरान कॉलेज प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्रों के वाहनों पर रोक लगाई जा रही है, जबकि शिक्षक और कर्मचारी बेधड़क कार और अन्य वाहनों से परिसर में दाखिल हो रहे हैं। जब देशभर में ईंधन बचाने की पहल चल रही है, तब भी परिसर के भीतर वाहनों की आवाजाही जारी है। प्राचार्य की अनुपस्थिति में कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने जब अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था बनाने की बात कही, तो कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के व्यवसायीकरण का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई और सभी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की।

पार्किंग विवाद के साथ ही कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैली अव्यवस्थाओं पर गहरा रोष जताया। बारिश के कारण उगी घास से कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ने, पेयजल संकट, बदहाल वॉशरूम और जर्जर भवनों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उप-प्राचार्य को सौंपे ज्ञापन में मांग की गई कि पूर्व के नो-व्हीकल जोन विवाद पर हुई कार्रवाई को सार्वजनिक किया जाए, एक सप्ताह में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर कक्षाएं संचालित हों, खुले में रखे फर्नीचर की सुरक्षा की जाए और बंद पड़ी खेल सुविधाओं को बहाल किया जाए।ज्ञापन के दौरान विभाग संगठन मंत्री विकास गोला, विभाग छात्रा प्रमुख रोशनी ठाकुर, महानगर सहमंत्री आयुष शर्मा, कुनाल मिश्रा, महानगर संगठन मंत्री अरुण सूर्यवंशी, युवराज, महानगर सोशल मीडिया संयोजक सत्यम गुर्जर, हर्षित चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-प्राचार्य प्रो.वंदना शर्मा ने तत्काल लिखित पत्र जारी किया जिसमे लिखा था| परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, खेल और मूलभूत सुविधाओं की सभी मांगों पर 27.08.2026 तक कार्रवाई कर दी जाएगी| परिसर में सफाई का काम तत्काल शुरू कर दिया गया है।काम में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मचारियों पर प्राचार्य जी के आते ही सख्त कार्रवाई होगी।

— प्रो० वन्दना शर्मा (कार्यवाहक प्राचार्या,बरेली कॉलेज,बरेली)

 

Azaz Ahmad Editor-in-chief