पांच महीने पहले हुई थी शादी, संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पांच महीने पहले हुई थी शादी, संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
TALK 24 शाहिद बेग यूपी हेड
बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में मंगलवार को पांच महीने पहले ब्याही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया।
पिता का दावा है कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अप्रैल में हुई थी प्रियंका की शादी जानकारी के मुताबिक, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव निवासी सोनू कुमार की शादी 27 अप्रैल 2026 को बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कोकीली गांव निवासी तुलाराम की 22 वर्षीय बेटी प्रियंका से हुई थी। शादी को अभी करीब पांच महीने ही हुए थे। मंगलवार को प्रियंका की संदिग्ध हालात में मौत की खबर सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के पिता तुलाराम का आरोप है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटी की शादी की थी, लेकिन इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज मिलने की बात कहकर प्रियंका को परेशान करने लगे। आरोप है कि उससे दहेज की अतिरिक्त मांग की जा रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जाता था।
तुलाराम के मुताबिक, प्रियंका करीब पांच दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने साड़ी के सहारे कुंडे में लटकाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बेटी के गले पर रस्सी जैसे निशान भी दिखाई दिए थे।
मौत के बाद घर से फरार हुए ससुराल पक्ष के लोग
विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता ने क्योलड़िया थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पति समेत छह लोगों पर मुकदमा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति सोनू कुमार समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विवाहिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस आरोपों की जांच में जुटी हुई है।