रामस्वरूप पार्क के बराबर में सड़क पर अतिक्रमण को लेकर डीएम सख्त
TALK 24 शाहिद बेग यूपी हेड
नगर अध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी के नेतृत्व में आरएलडी प्रतिनिधिमंडल ने की शिकायत, ईओ को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश
पीलीभीत। रामस्वरूप पार्क के बराबर सड़क पर अस्थाई दुकानों के जरिए किए जा रहे कथित अतिक्रमण को लेकर राष्ट्रीय लोकदल ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। नगर अध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी के नेतृत्व में आरएलडी कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से मुलाकात कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि पूर्व में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क पर अस्थाई दुकानें लगातार लगाई जा रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके संरक्षण में अस्थाई दुकानदार सड़क पर दुकानें लगा रहे हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिशासी अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि रामस्वरूप पार्क के बराबर वाली सड़क को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जिलाधिकारी ने निर्देशों का पालन न होने पर अधिशासी अधिकारी के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी भी दी। डीएम के सख्त रुख के बाद अब नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिक गई हैं कि सड़क को अतिक्रमण से कब तक मुक्त कराया जाता है।