बरेली SSP कार्यालय के बाहर महिला से आत्मदाह का प्रयास कराने वाला फर्जी पत्रकार गिरफ्तार,रंगदारी मांगने का आरोपी भेजा गया जेल
बरेली। SSP कार्यालय के बाहर महिला से पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कराने और फर्जी रंगदारी मांगने के मामले में थाना बहेड़ी पुलिस ने एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मुकदमे का डर दिखाकर ₹5 लाख की रंगदारी मांग रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई 2026 को आरोपी ने ग्राम उल्हैतापुर की रहने वाली मीना नाम की महिला को उकसाकर बरेली एसएसपी ऑफिस के बाहर डीजल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास करवाया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचा ली थी।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित अजयपाल और उनके परिवार को झूठे केस में फंसाने, जान से मारने तथा बच्चे के अपहरण की धमकी देकर ₹5 लाख की मांग की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
थाना बहेड़ी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवम कुमार, हे0कां0 विशेष और हे0कां0 देवेश की टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त 2026 की देर रात करीब 11:50 बजे आरोपी को जोखनपुर रास्ते के पास गुडवारा कट से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उगला सच
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने लालच में आकर महिला का इस्तेमाल अजयपाल के परिवार को फंसाने और रंगदारी वसूलने के लिए किया था।
गिरफ्तार अभियुक्त: युसुफ पुत्र फकीरा खान उर्फ फरीर खान (उम्र 43 वर्ष), निवासी मुंशीनगर, थाना इज्जतनगर, जिला बरेली।
पंजीकृत अभियोग: मु०अ०सं० 0649/2026, धारा 226/308(5)/308(6)/352/351(3) BNS, थाना बहेड़ी।
बरामदगी: ₹5,000 नकद और 02 मोबाइल फोन।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।