बरेली कॉलेज में टैक्स एवं फीस बढ़ोत्तरी विवाद गहराया: सछास की सख्त रुख के बीच सोमवार तक समाधान का भरोसा

Aug 21, 2026 - 18:36
Aug 22, 2026 - 21:43
 0  3
बरेली कॉलेज में टैक्स एवं फीस बढ़ोत्तरी विवाद गहराया: सछास की सख्त रुख के बीच सोमवार तक समाधान का भरोसा
प्राचार्य कार्यालय में वर्ता करते छात्र प्रतिनिधि

बरेली। बरेली कॉलेज में विद्यार्थियों पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ,फीस वृद्धि और नगर निगम टैक्स को लेकर समाजवादी छात्र सभा का विरोध-प्रदर्शन और तेज़ होता नज़र आ रहा है। बुधवार को हुए भारी हंगामे के बाद गुरुवार को छात्र प्रतिनिधियों ने कॉलेज प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण वार्ता की। इस दौरान प्राचार्य प्रो. ओ.पी. राय और उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा के समक्ष छात्र नेताओं ने छात्र हितों की मांगों को मजबूती से रखा।वार्ता के दौरान छात्र नेताओं ने तर्क दिया कि यदि कॉलेज विद्यार्थियों से नगर निगम टैक्स के नाम पर ₹200 का शुल्क वसूल रहा है, तो शिक्षकों से भी यह शुल्क लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही, फीस जमा करने पर लगने वाले गेटवे चार्ज और अतिरिक्त जीएसटी को तुरंत समाप्त करने की पुरजोर मांग की बात रखी गई। वोकेशनल विषयों की फीस ₹200 से बढ़ाकर सीधे ₹800 किए जाने पर कॉलेज प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह वृद्धि विश्वविद्यालय स्तर से हुई है, जिसका लिखित पत्र सोमवार को प्रस्तुत कर दिया जाएगा।छात्रों ने एडमिशन कमेटी द्वारा उजागर किए गए फर्जी दाखिलों के मामले में संलिप्त एजेंसी को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने और तीसरे व पांचवें सेमेस्टर की फीस काउंसलिंग के बाद केवल ऑफलाइन माध्यम से जमा कराने की बात कही और जब छात्रों ने कहा कि प्रबंध समिति की बैठक कब हुई,कालेज प्रशासन जवाब नहीं दे सका।

वार्ता के दौरान हिरदेश यादव, विक्रांत पाल, संजय मेवाती, करन सिंह, मंजीत सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे !

प्राचार्य प्रो. ओ.पी. राय ने छात्र नेताओं के सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि इन सभी विषयों पर प्रबंध समिति के साथ गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने आगामी सोमवार को पुनः बैठक आयोजित कर मामले का संपूर्ण और संतोषजनक समाधान निकालने का भरोसा दिलाया है।

Azaz Ahmad Editor-in-chief