बरेली कॉलेज में ‘प्रज्ञान ई-सेल’ का गठन: आइडिया पिचिंग प्रतियोगिता में नारायण पंत का 'एआई कोच' प्रथम
शाहिद मिर्ज़ा ( यूपी हेड )
बरेली। बरेली कॉलेज के कंप्यूटर विभाग में आईआईटी बॉम्बे के मार्गदर्शन और 'नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप स्कीम' के तहत ‘प्रज्ञान ई-सेल’ की स्थापना की गई है। विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अवसर पर एक आइडिया पिचिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने 11 रचनात्मक विचार पेश किए।प्रतियोगिता में बीसीए प्रथम वर्ष के नारायण पंत ने हैंडबॉल खिलाड़ियों के लिए बनाए गए 'एआई कोच' मॉडल के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, हिमालय ने 'फसल एम्बुलेंस' के विचार से द्वितीय और बीसीए द्वितीय वर्ष के ऋषभ मिश्रा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. अविनाश अग्रवाल रहे। उन्होंने कंप्यूटर विभाग की प्रभारी डॉ. रोमा सक्सेना, डॉ. मनु यादव और डॉ. विकसित शर्मा के साथ निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रो. अग्रवाल ने छात्रों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपने नवाचार केवल विचारों तक सीमित न रखकर उन्हें समाज के लिए व्यावहारिक रूप में ढालना चाहिए।
इस सफल आयोजन की बागडोर प्रज्ञान ई-सेल की कोर टीम अध्यक्ष ऋचा जोशी, देवांश सक्सेना, सत्यम रस्तोगी, राघव गुप्ता और नीलम गुप्ता) ने संभाली। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।